उत्तर प्रदेशदेश-विदेशप्रदेश

Deepotsav 2026 : दीपोत्सव-2026 में दमकेगी अयोध्या, रामायण थीम पर सजेंगे प्रमुख मार्ग, घाट और चौराहे

दीपोत्सव-2026 में अयोध्या रामायण थीम पर सजेगी। 20 सेल्फी प्वाइंट, 10 भव्य द्वार, पुष्पक विमान, राम रथ, राम दरबार और सरयू पर फ्लोटर्स होंगे प्रमुख आकर्षण।

दीपोत्सव-2026 में दमकेगी रामनगरी, रामायण थीम पर सजेंगे प्रमुख मार्ग और घाट

लखनऊ/अयोध्या। दीपोत्सव-2026 में अयोध्या इस बार केवल दीपों की रोशनी से ही नहीं, बल्कि रामायण की थीम पर आधारित कलात्मक सजावट और आकर्षक स्थापनाओं से भी सजेगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की कार्ययोजना के तहत रामनगरी के प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों, ‘धर्म पथ’, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक विभिन्न स्थानों पर रामायण से जुड़े प्रसंगों को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट, मंच, राम रथ, पुष्पक विमान और सरयू की लहरों पर आकर्षक फ्लोटर्स दीपोत्सव की सजावट के प्रमुख आकर्षण होंगे।

दीपोत्सव-2026 के तहत अयोध्या में 6 से 8 नवंबर तक विभिन्न आयोजन प्रस्तावित हैं, जबकि 7 नवंबर को मुख्य दीपोत्सव आयोजित होगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आयोजन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इन्हें प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास स्थापित किया जाएगा, ताकि अयोध्या पहुंचने वाले लोगों को आयोजन की थीम और प्रमुख स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सके।

रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर बनेंगे 20 सेल्फी प्वाइंट

दीपोत्सव के दौरान रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी प्वाइंट, यानी कुल 20 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम, डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी। इन त्रि-आयामी कलाकृतियों में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक को कलात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इनका उद्देश्य केवल सजावट करना नहीं, बल्कि आगंतुकों के लिए ऐसे आकर्षण तैयार करना भी है जहां वे दीपोत्सव की यादों को तस्वीरों के माध्यम से संजो सकें।

इसी क्रम में लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक भी विभिन्न कलात्मक स्थापनाएं यानी आर्ट इंस्टालेशन तैयार की जाएंगी। इन स्थापनाओं के माध्यम से इस मार्ग को दीपोत्सव की व्यापक सजावट से जोड़ा जाएगा।

नए कलेवर में नजर आएगा रामकथा मंच

रामकथा पार्क का स्थायी मंच दीपोत्सव के सांस्कृतिक आयोजनों के लिए नए कलेवर में तैयार किया जाएगा। मंच पर ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था के साथ एलईडी स्क्रीन तथा थीम आधारित रंगीन कपड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। मंच के दोनों ओर सीढ़ियां, पुष्प सज्जा, रंगोली और पर्दों की व्यवस्था होगी। मंच पर बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी और मौजूदा ढांचे के अनुरूप डिजाइन तैयार किया जाएगा।

रामकथा पार्क के प्रवेश और निकास को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी द्वार भी तैयार किए जाएंगे। इन द्वारों की डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी। इस तरह रामकथा पार्क में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दीपोत्सव की थीम का अनुभव मिलेगा।

प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बनेंगे 10 भव्य द्वार

दीपोत्सव-2026 में अयोध्या के प्रमुख प्रवेश मार्ग भी रामायण की थीम पर सजाए जाएंगे। शहर के प्रमुख हाईवे और ‘धर्म पथ’ पर 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से अयोध्या आने वाले मार्गों के साथ धर्म पथ पर बनने वाले इन द्वारों की डिजाइन और पहचान अलग-अलग होगी।

थीम आधारित सजावट और रोशनी से तैयार किए जाने वाले ये प्रवेश द्वार अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को शहर की दीपोत्सव सजावट का शुरुआती अनुभव देंगे। पर्यटन विभाग की योजना के अनुसार इन द्वारों में रामायण की थीम और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को प्रमुखता दी जाएगी।

पुष्पक विमान से राम दरबार और भरत मिलाप तक दिखेगा रामायण का संसार

राम की पैड़ी के निकट पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा, जो दीपोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। इसके अलावा रामायण की कथा को अलग-अलग प्रस्तुतियों और स्थापनाओं के माध्यम से जीवंत रूप देने के लिए राम रथ और झांकी भी तैयार की जाएगी।

राम की पैड़ी के पास राम दरबार की भव्य प्रस्तुति होगी। वहीं रामकथा पार्क के समीप हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। प्रमुख मार्गों पर फ्लैग पोल लगाकर भी आयोजन की दृश्य भव्यता बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स लगाए जाएंगे, जो जल और दीपोत्सव की सजावट को एक साथ जोड़ेंगे।

रामायण के प्रसंगों को सरल भाषा में दिखाने की तैयारी

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उनके अनुसार रामायण की थीम पर तैयार सजावटी द्वार, सेल्फी प्वाइंट और प्रकाश सज्जा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।

अमृत अभिजात ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों पर आधारित आकर्षक स्थापनाएं तैयार की जा रही हैं। इनमें लंका कांड समेत रामायण के प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या की सजावट के साथ रामायण के प्रसंगों से भी परिचित होने का अवसर मिलेगा।

पर्यटन मंत्री बोले- अयोध्या की आभा बनेगी अविस्मरणीय

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की भव्यता के साथ उसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नए रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। उनके मुताबिक रामायण की थीम पर आधारित सजावट, कलात्मक स्थापनाएं और प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को रामनगरी के दिव्य और भव्य स्वरूप का नया अनुभव कराएंगी।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रयास है कि दीपोत्सव की आभा अयोध्या आने वाले हर व्यक्ति के मन में अविस्मरणीय छाप छोड़े। इस बार प्रवेश मार्गों से लेकर आयोजन स्थलों और सरयू तट तक तैयार की जा रही सजावट में रामायण के प्रसंगों, भारतीय संस्कृति और आधुनिक रचनात्मकता का समन्वय दिखाई देगा।

दीपोत्सव-2026 की तैयारियों के तहत अयोध्या में इस प्रकार सजावट की योजना बनाई गई है कि शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक श्रद्धालुओं को अलग-अलग स्थानों पर रामायण आधारित कलात्मक प्रस्तुतियां देखने को मिलें। 6 से 8 नवंबर तक होने वाले आयोजनों और 7 नवंबर के मुख्य दीपोत्सव के दौरान यह सजावट रामनगरी के उत्सवपूर्ण वातावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button